टहल रहे छात्र की बाइक की टक्कर से मौत, दोस्तों के साथ घूम रहा था 16 साल का किशोर, मौत बनकर पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक!


 

दुर्ग ! हमर मितान- तेज रफ्तार बाइक चालक ने टक्कर मारकर एक 16 वर्षीय किशोर की जान ले ली। सड़क दुर्घटना में एक घर का चिराग बुझा दिया तो वहीं तीन बहनों से उनका इकलौता भाई छीन लिया। पुलगांव पुलिस बाइक चालक के खिलाफ धारा 304ए के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

पुलगांव पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम बोरई निवासी ईश्वर लाल साहू (16 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ 25 फरवरी की शाम बोरई बस्ती से गनियारी नया पुल के पास टहलने गया था। वह पैदल जा रहा था कि तभी पीछे से एक तेज रफ्तार बाइक सीजी 07 एएच 4924 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए ईश्वर को टक्कर मार दी। घटना में ईश्वर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उपचार के लिए तुरंत शंकाराचार्य अस्पताल जुनवानी में भर्ती कराया। उपचार के दौरान सोमवार को युवक की मौत हो गई।

ईश्वर के पिता द्वारिका प्रसाद साहू ने बताया कि ईश्वर हमेशा अपने दोस्तों के साथ टहलने जाया करता था। घटना के दिन भी वह घर से बता कर निकला था। लेकिन उन्हें नहीं पता था कि उनका बेटा फिर वापस नहीं आएगा, वर्ना वो उसे जाने ही नहीं देते। घटना के समय ईश्वर के दोस्त पुल पर दोस्त बैठे हुए थे। वह अपने एक अन्य दोस्त के साथ पैदल उनकी तरफ आ रहा था। तभी अचानक एक बाइक वाला उनसे टकरा गया। दोस्तों ने सोचा कि बाइक वाला दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। जब वे पास गए तो देखा कि उनका दोस्त ईश्वर गंभीर रूप से घायल पड़ा है।

घर में पसरा मातम, बहनों का रो-रोकर बुरा हाल

ईश्वर ग्राम बोरई में कक्षा 11वीं में पढ़ाई करता था। तीन बहनों में वह इकलौता भाई था। वह पढ़ाई में भी काफी तेज था। उसके पिता द्वारिका प्रसाद साहू किसान हैं। ईश्वर परिवार का एकलौता लाडला बेटा था। अचानक इतना बड़ा हादसा हो जाने से पूरा परिवार शोक में डूब गया है। ईश्वर की बहनों और माता पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने